भारत में पिछले चार दिनों से लगातार कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या में तेज़ी से वृद्धि हो रही है। पीटीआई के अनुसार सोमवार को लगातार चौथे दिन, एक ही दिन में कोविड-19 के सर्वाधिक मामले सामने आए। पिछले 24 घंटे में 6,977 नये मामले सामने के बाद देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,38,845 हो गए हैं। इसी दौरान मृतकों की संख्या 4,021 हो गई है।
भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार सोमवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 154 लोगों की मौत हुई। मंत्रालय ने बताया कि देश में 77,103 लोग अब भी संक्रमित हैं जबकि 57,720 लोग स्वस्थ हुए हैं। भारत के महाराष्ट्र राज्य में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अकेले महाराष्ट्र में कोरोना के कुल मामले 47,190 हो गए हैं। 24 घंटे में महाराष्ट्र में कोरोना के कुल 2,608 नए मामले सामने आए हैं। कोरोना संक्रमितों की मौत का आंकड़ा बढ़कर 1,577 हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भारत में अबतक 41.57 प्रतिशत मरीज स्वस्थ हुए हैं।